इन चार खिलाड़ियों ने ओपन बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया
भारत के चार खिलाड़ियों पीवी. सिंधु, साइना नेहवाल, किदांबी श्रीकांत और समीर वर्मा ने गुरुवार को अपने मुकाबले जीतकर सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया | ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी.सिंधु ने गुरुवार को दूसरे दौर में वर्ल्ड नंबर-22 डेनमार्क की मिया ब्लिफेल्डट को 21-13, 21-19 से हराया | दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला 40 मिनट तक चला | चौथी सीड सिंधु का डेनमार्क के प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ यह दूसरा मैच था और उन्होंने शुरूआत से ही दमदार खेल दिखाया | पीवी.सिंधु ने पहले गेम में एकतरफा जीत दर्ज की जबकि दूसरे गेम में उन्हें थोड़ी बहुत टक्कर मिली | हालांकि, ब्लिफेल्डट उन्हें प्रतियोगिता में आगे बढ़ने से नहीं रोक पाई | वही क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना चीन की काई यानयान से होगा | साइना नेहवाल ने दूसरे दौर में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग को एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में 21-16, 18-21, 21-19 से मात दी | साइना ने एक घंटे सात मिनट में यह मुकाबला जीता | वर्ल्ड नंबर-9 साइना की चोचुवोंग के खिलाफ छह मैचों में यह पांचवीं जीत है | क्वार्टर फाइनल में साइना का सामना वर्ल्ड नंबर-3 और दूसरी सीड जापान की नोजोमी ओकुहारा से होगा, जिनके खिलाफ उनका 9-4 का रिकॉर्ड है | पुरुष सिंगल्स वर्ग में छठी सीड किदांबी श्रीकांत ने डेनमार्क के हेंस क्रिस्टियन सोल्बर्ग विटिंग्स को 21-12, 23-21 से हराकर क्वार्टर फाइनल में कदम रख दिया | इसके साथ ही श्रीकांत ने विटिंग्स के खिलाफ करियर रिकॉर्ड 4-2 कर लिया है | समीर ने एक अन्य मुकाबले में चीन के लु गुआंग्झु को 21-15, 21-18 से हराया | क्वार्टर फाइनल में समीर के सामने दूसरी सीड ताइवान के चोउ तिएन चेन की चुनौती होगी | इस बीच, पारुपल्ली कश्यप, चौथी सीड चीन के चेन लोंग से 9-21, 21-15, 16-21 से हारकर टूनार्मेंट से बाहर हो गए | मिक्स्ड डबल्स में प्रणव जेरी चोपड़ा और एन. सिक्की रेड्डी की भारतीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही | उसने पांचवीं सीड हांगकांग के तांग चुन मेन और से यिंग सुएत को 21-17, 6-21, 21-19 से मात दी |


