मिताली राज की बायोपिक में नजर आने वाली है अभिनेत्री तापसी पन्नू
छह बार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर मैरीकॉम (Marycom) के जीवन पर आधारित फिल्म में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने उनका किरदार निभाया था | ऐसे में अगर सब सही रहा तो हमें एक और महिला खिलाड़ी पर फिल्म देखने को मिल सकती है | दरअसल, हो सकता है कि अभिनेत्री तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) हमें जल्द ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) की बायोपिक में उनकी भूमिका निभाती हुए नजर आ जाएं | 32 साल की अभिनेत्री खेल और खिलाड़ियों पर बनने वाली फिल्मों से अनजान नहीं हैं | वे खुद भी स्कूल के दिनों में कई स्पोर्ट्स गतिविधियों में शामिल रहीं हैं | इसके अलावा फिल्मों में भी तापसी पन्नू हॉकी खिलाड़ी और निशानेबाज का किरदार निभा चुकी हैं |
तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) ने इस बात की पुष्टि की है कि मिताली राज पर बनने वाली बायोपिक को लेकर उनकी बात जारी है, हालांकि उन्होंने इससे अधिक कोई जानकारी होने से इनकार किया | तापसी ने कहा कि मैं यही कहना चाहती हूं कि मुझे मिताली राज (Mithali Raj) पर बनी फिल्म का हिस्सा बनने में बहुत खुशी होगी | लेकिन ऐसा सच में हो रहा है, ये कहना अभी जल्दबाजी होगी | हालांकि इसे लेकर बातचीत अभी जारी है | इसके अलावा भी मैं एक स्पोर्ट्स फिल्म कर रहीं हूं, जिसका ऐलान जल्द ही कर दिया जाएगा | तापसी पन्नू के अनुसार, मैंने तो अब मेरे पास आने वाली स्पोर्ट्स फिल्मों की गिनती करना ही बंद कर दिया है | शायद ये इसलिए भी हो सकता है कि लोग अब ये जान गए हैं कि मुझे खेलों से प्यार है | मगर मैंने इनमें से कुछ ही फिल्मों में काम करना मंजूर किया है क्योंकि ये फिल्म की कहानी पर निर्भर करता है | तापसी ने कहा कि मैं खुद भी कई फिल्म स्टारों को पसंद करती हूं, लेकिन हर किसी की कहानी पर फिल्म नहीं बनाई जा सकती |

