शनिवार को फिल्म War की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला
बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'वॉर' ने चौथे दिन भी सिनेमाघरों में शानदार कमाई की है | शनिवार को फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल भी देखने को मिला है | इसने 28 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है | इसके साथ ही 'वॉर' ने चार दिनों में कुल 128.85 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है | इससे पहले फिल्म ने तीन दिनों में 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की कमाई की थी |
शनिवार को चौथे दिन फिल्म के हिंदी वर्ज़न ने 27.60 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि तमिल और तेलुगू वर्ज़न से फिल्म की 1.10 करोड़ रुपये की कमाई हुई है | अब उम्मीद की जा रही है कि रविवार यानी आज फिल्म की कमाई में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है | इसके अलावा मंगलवार को दशहरा होने के चलते इसकी कमाई में और भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है | गौरतलब है कि फिल्म के हिंदी वर्ज़न ने पहले दिन 51.60 करोड़, दूसरे दिन 23.10 करोड़ और तीसरे दिन 21.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी | इसके अलावा तेलुगू और तमिल वर्ज़न ने पहले दिन 1.75 करोड़, दूसरे दिन 1.25 करोड़ और तीसरे दिन 1.15 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया था |
राकेश रोशन ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा - वॉर को इस तरह से तैयार किया गया जिससे दो हीरो की ताकत और स्टाइल को दिखाया जा सके और उन्होंने अपने गोल को पाने में 100 प्रतिशत तक कामयाबी हासिल की है | वॉर की टीम और यश राज फिल्म्स को मुबारकबाद |




























