आज बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश करेगी
लगातार दो मैचों में हार से आहत बांग्लादेश और बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन से परेशान श्रीलंका अपनी पिछली कमियों में सुधार करके मंगलवार को यहां होने वाले मैच में अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश करेंगे। बांग्लादेश ने विश्व कप में शानदार शुरुआत की थी। उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 330 रन का अपना सर्वोच्च वनडे स्कोर बनाने के बाद 21 रन से जीत दर्ज की थी। लेकिन इसके बाद उसकी टीम यह लय बरकरार नहीं रख पाई और उसे न्यूजीलैंड से दो विकेट और मेजबान इंग्लैंड से 106 रन से हार झेलनी पड़ी। बांग्लादेश की तरफ से स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। बल्लेबाजी क्रम में तीसरा नंबर उनको रास आ गया है और उन्होंने अब तक दो अर्धशतक और एक शतक लगाया है। श्रीलंका की टीम को उन्हें रोकना एक चुनौती रहेगी। विकेटकीपर बल्लेबाज मुश्फिकुर रहीम भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं लेकिन सौम्या सरकार और तमीम इकबाल की सलामी जोड़ी अपेक्षित शुरुआत देने में नाकाम रही है। बांग्लादेश की चिंता वैसे गेंदबाजी को लेकर है। पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने 386 रन लुटाए थे।श्रीलंका भी पहले मैच में न्यूजीलैंड से 10 विकेट से करारी शिकस्त झेलने के बाद वापसी को लेकर बेकरार है। दिमुथ करुणारत्ने की अगुआई वाली टीम ने अफगानिस्तान को हराकर कुछ राहत की सांस ली लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद होने से उसे अंक बांटने पड़े। श्रीलंका की टीम अपने दो मैचों में पूरे 50 ओवर तक नहीं टिक पाई जो उसके लिए चिंता का विषय है। गेंदबाजी में श्रीलंका को चोटिल तेज गेंदबाज नुवान प्रदीप की कमी खलेगी जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 31 रन देकर चार विकेट चटकाए थे। ऐसे में लसित मलिंगा की जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाएगी।


