मिताली राज ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की
भारत की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान रह चुकीं मिताली राज ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। मिताली ने कहा - 2006 से टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से खेलने के बाद मैं इस फॉरमैट से संन्यास लेने की घोषणा करती हूं, जिससे मैं 2021 में होने वाले महिला वनडे विश्व कप की तैयारियों पर फोकस लगा सकूं।
मेरा सपना रहा है कि मैं अपने देश के लिए विश्व कप जीतूं और इसके लिए मैं अपना बेस्ट दूंगी। मैं लगातार सपोर्ट के लिए बीसीसीआई को शुक्रिया कहना चाहती हूं और भारतीय महिला टी20 टीम को आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं देती हूं। मिताली 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम इंडिया की कमान संभाल चुकी हैं। तीन बार उन्होंने आईसीसी महिला वर्ल्ड ट्वंटी20 में भी टीम इंडिया की कप्तानी की है। 2012, 2014 और 2016 आईसीसी महिला वर्ल्ड ट्वंटी20 में भारत की कप्तानी की है।
मिताली ने 88 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2364 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर मिताली राज ही हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे पहले 2000 रनों का आंकड़ा भी मिताली राज ने ही पार किया था।























