आईपीएल 12 में सभी की नजरें मौजूदा चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स पर रहेंगी
चेन्नई सुपर किंग्स का स्वामित्व चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड के पास है | यह आईपीएल की सबसे कामयाब टीम है | 2010, 2011 और 2018 में खिताब जीतने वाली ये टीम 2008, 2012, 2013 और 2015 में उपविजेता रही थी | जबकि 2009 और 2014 में चेन्नई सुपर किंग्स सेमीफाइनलिस्ट बनी थी | 2008 से 2018 के बीच इस टीम ने 148 मैच खेले हैं, जिसमें से 90 में जीत और 56 में हार मिली है | वहीं एक मैच टाई तो एक बेनतीजा रहा है | टीम का सफलता प्रतिशत 61.56 है जो कि रिकॉर्ड है | बीते सीजन में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में इस टीम ने दो साल के बैन के बाद वापसी करते हुए चैंपियन बनकर अपना दम दिखाया था | जबकि आईपीएल सर्किट में इस टीम के दर्शकों का जोश देखते ही बनता है |
चेन्नई सुपर किंग्स के हैड कोच स्टीफन फ्लेमिंग हैं | वहीं महेंद्र सिंह धोनी, ड्वेन ब्रावो, सुरेश रैना, हरभजन सिंह, फाफ डू प्लेसी आदि इस टीम के स्टार खिलाड़ी हैं | चेन्नई ने बीते सीजन के कई खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखा और इस साल कम ही खिलाड़ियों को नीलामी में खरीदा | उन खिलाड़ियों में से एक हैं मोहित शर्मा जो पहले भी चेन्नई का हिस्सा रह चुके हैं | उसने मोहित के लिए पांच करोड़ रुपये की कीमत अदा की | इसके अलावा केदार जाधव और अंबाती रायडू वो खिलाड़ी होंगे जो सुर्खियां बटोरेंगे | 25 खिलाड़ियों इस टीम में 8 विदेशी और 17 भारतीय हैं | महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान) फाफ डू प्लेसी, शेन वॉटसन, मुरली विजय, सुरेश रैना, केदार जाधव, अंबाती रायडू, चेतन्य बिश्नोई, सैम बिलिंग्स, ध्रुव शौरे, रुतुराज गायकवाड़, एन जगदीशन, रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, मोनु कुमार, डेविड विली, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर, हरभजन सिंह, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, केएम. आसिफ, मोहित शर्मा और लुंगी एन्गिडी |

