Kumbh 2019

INDvAUS LIVE: विराट ने जड़ा 40वां शतक, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 251 रन का लक्ष्य

Medhajnews 5 Mar 19 , 06:01:39 Sports

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ऑस्ट्रेलिया जरूर दो बदलावों के साथ उतरी है। शॉन मार्श और नाथन लॉयन को टीम में मौका मिला है। एश्टन टर्नर और जेसन बेहरेनडॉर्फ को बाहर जाना पड़ा है। भारत ने पहला वनडे मैच छह विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। पहले मैच में केदार जाधव और महेंद्र सिंह धौनी की साझेदारी ने भारत को जीत दिलाई थी।



विराट कोहली की शतकीय पारी (116) के दम पर भारतीय टीम ने दूसरे वन-डे में ऑस्ट्रेलिया के सामने 251 रन का लक्ष्य रखा। नागपुर में खेले जा रहे पांच मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में विराट ने कप्तानी पारी खेलते हुए अपने वन-डे करियर का 40वां शतक पूरा किया। विराट के अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया। भारतीय पारी 48.2 ओवर्स में 250 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।



विराट के अलावा विजय शंकर ने 46 रन बनाए तो रोहित शर्मा और एमएस धोनी तो खाता भी नहीं खोल पाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए तो एडम जंपा ने 2 विकेट चटकाए। नाथन लियोन, ग्लेन मैक्सवेल और कोल्टर नाइल ने 1-1 विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया के निमंत्रण में बल्ला उठाने वाली टीम इंडिया को पहले ही ओवर में रोहित शर्मा के रूप में करारा झटका लगा। पहला ओवर फेंक रहे पैट कमिंस ने शुरुआती 5 गेंदें विकेट-टू-विकेट रखते हुए रोहित शर्मा को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। स्कोरबोर्ड पर एक भी रन न टंगा देख विचलित हुए रोहित ने ऑफ स्टंप के बाहर आई शॉट गेंद पर बल्ला घुमाया और यहीं कमिंस के जाल में फंस गए। थर्ड मैन पर बाउंड्री के करीब उन्हें एडम जंपा ने लपकने में कोई गलती नहीं की।





दूसरा झटका शिखर धवन (29 गेंद में 21 रन) के रूप में लगा। विराट के साथ दूसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़ने के बाद धवन ने खराब शॉट सिलेक्शन के चलते अपना विकेट फेंका। ग्लेन मैक्सवेल ने उन्हें पगबाधा आउट किया। 2019 में शिखर धवन का खराब फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का सबब है। इसके बाद कप्तान कोहली का साथ निभाने के लिए अंबाती रायुडू (18) क्रीज पर आए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की। इस जोड़ी को ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने तोड़ा। उन्होंने रायुडू को एलबीडब्ल्यू आउट किया। भारतीय बल्लेबाज ने रिव्यू जरूर लिया, लेकिन इससे वह सुरक्षित नहीं रह पाए।



एक ओर जहां विराट कोहली कप्तानी पारी खेल रहे थे तो दूसरी छोर से लगातार विकेट गिर रहे थे। ऐसे में नए बल्लेबाज के तौर पर आए विजय शंकर ने विराट का बखूबी साथ निभाया। उन्होंने खुलकर मैदान के चारों ओर शॉट्स खेले। चौथे विकेट के लिए दोनों के बीच 81 रन की साझेदारी हो चुकी थी तभी 20वें ओवर में एडम जंपा की गेंद पर विराट कोहली ने स्ट्रेट शॉट मारा तो गेंद सामने के विकेट में जा लगी, जिससे विजय शंकर (41 गेंद में 46 रन) बनाकर आउट हो गए।





एडम जंपा ने पहले केदार जाधव और फिर अगली ही गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी को भी चलता किया। 12 गेंदों में 11 रन बना चुके केदार पिछले मैच की तरह आज भी अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन आउट साइड ऑफ स्टंप पर फेंकी गई एक फुल बॉल पर उन्होंने एक ड्राइव खेली, जो सीधा कप्तान आरोन फिंच के हाथों में समां गई। पांच विकेट गिरने के बाद अब सारी निगाहें नए खिलाड़ी और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर टिकीं हुई थी, लेकिन अपनी पहली ही गेंद पर वे भी आउट हो गए। कट खेलने की कोशिश में वे स्लिप्स में उस्मान ख्वाजा द्वारा लपके गए। 9 साल बाद ऐसा मौका आया जब माही पहली ही गेंद में बिना खाता खोले आउट हुए। सातवें विकेट के लिए रवींद्र जडेजा ने विराट कोहली के साथ मिलकर 67 रन की बेजोड़ पार्टनरशिप की। हालांकि अंतिम ओवर्स में रन गति बढ़ाने की कोशिश में वे 40 गेंदों में 21 रन बनाकर पैट कमिंस का शिकार हुए। इसके बाद विराट कोहली भी बड़ा शॉट मारने की फिराक में 120 गेंदों में 116 रन बनाकर आउट हुए।



विराट आउट होने के बाद निराश नजर आए। इसके बाद पैट कमिंस ने कुलदीप यादव को बोल्ड किया तो अगले ही ओवर में नाथन कोल्टर नाइल ने जसप्रीत बुमराह को बोल्ड कर भारत की पारी 48.2 ओवर्स में 250 रन पर ढेर कर दिया।


    Comments

    Leave a comment


    Similar Post You May Like

    Trends

    • 2018 में जियो यूजर्स को लगेगा झटका, मंहगे होंगे टैरिफ प्लान

    • कनाडा : पार्क में खुदाई के दौरान मिली 15 हजार साल पुरानी सुरंग

    • ऑनलाइन शॉपिंग कीजिए हर दिन, महीने के अंत में देने होगें पैसे...जानिए कौन सी कंपनी दे रही है ये सुविधा

    • पेट्रोल की जगह बीयर से चल सकेगी गाड़ियां...

    • दीपिका पादुकोण का सिर काटकर लाने वाले को 10 करोड़ का ऑफर, ट्विंकल खन्ना ने पूछा ‘GST लगेगा क्या?’

    Special Story

    • “माँ” - ये जीवन है तुमसे ही

    • वो ही अच्छा

    • ज़िन्दगी कैसी लगती है?

    • चाँद और चाँदनी का साथ

    • चेहरा- सच या झूठ?