अब टेस्ट क्रिकेट में भी होगा रोमांच, नो बॉल पर मिल सकती है फ्री हिट
लंदन। क्रिकेट के सीमित प्रारुपों की तरह अब टेस्ट में भी नो बॉल पर फ्री हिट का नियम लागू हो सकता है, टेस्ट क्रिकेट की अहमियत और रोमांच को बरकरार रखने के लिये इसमें किये जा रहे निरंतर बदलावों के अंतर्गत एमसीसी विश्व क्रिकेट समिति ने यह प्रस्ताव पेश किये हैं। टेस्ट प्रारुप में विभिन्न बदलावों पर गत सप्ताह बेंगलुरु में हुई एमसीसी समिति की बैठक में चर्चा की गयी थी और अब इन प्रस्तावों को आईसीसी के सामने पेश किया जाएगा। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार एमसीसी विश्व क्रिकेट समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व इंग्लिश कप्तान माइक गैटिंग तथा पूर्व आस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर शेन वार्न ने इन प्रस्तावों की रुपरेखा तैयार की है।
हम आपको बता दे कि एमसीसी विश्व क्रिकेट समिति ने लंबे प्रारूप को दिलचस्प बनाने के लिए कुछ प्रस्ताव दिए हैं जिसमें समय बरबाद होने से रोकने के लिए ‘शाट क्लॉक’ लगाया जाना, शुरुआती विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए मानक गेंद का इस्तेमाल और नो-बॉल के लिए फ्री हिट जैसी सिफारिशें शामिल हैं। पांच दिवसीय प्रारूप में धीमी ओवर गति नियमित प्रक्रिया है जिससे प्रशंसक खेल से थोड़ा दूर हो रहे हैं इसलिए एमसीसी समिति ने ‘शाट क्लॉक’ आरंभ करने की जरूरत व्यक्त की।
एमसीसी ने कहा, 'जब इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के प्रशंसकों से टेस्ट क्रिकेट में दर्शकों की कम हिस्सेदारी के मुख्य कारकों को पूछा गया तो 25 प्रतिशत प्रशंसकों ने धीमी ओवर गति का जिक्र किया।' उन्होंने कहा कि इन देशों में स्पिनर बहुत कम ओवर फेंकते हैं, एक दिन में पूरे 90 ओवर कभी कभार नहीं फेंके जाते, यहां तक कि अतिरिक्त 30 मिनट भी ले लिए जाते हैं। एमसीसी ने कहा, 'वहीं डीआरएस भी देरी के लिए थोड़ा जिम्मेदार है, समिति को लगता है कि खेल की रफ्तार को बढ़ाने के लिए कुछ कदम उठाए जाने चाहिए।

