धोनी का दमदार खेल, वेस्टइंडीज को 269 रनों का टारगेट
अफगानिस्तान के खिलाफ नाकाम रही भारतीय बल्लेबाजी आज वेस्टइंडीज के खिलाफ फिर ज्यादातर समय संघर्ष करती हुई नजर आई | कप्तान विराट कोहली (72) और एमएस धोनी (नाबाद 56 रन) के अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में भारतीय टीम आखिरकार 7 विकेट खोकर 268 रन बनाने में सफल रही | केएल राहुल ने 48 और हार्दिक पंड्या ने भी 46 रन की पारी खेली | ओल्डट्रैफर्ड मैदान पर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और पहले बैटिंग चुनी | रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की जोड़ी बड़ी साझेदारी नहीं कर पाई और रोहित (18) के रूप में टीम को छठे ओवर में ही पहला झटका लग गया | दूसरे विकेट के लिए राहुल (48) ने विराट कोहली के साथ 69 रन जोड़े लेकिन इसके बाद टीम को जल्दी 30 ओवर के पहले ही तीन विकेट गंवाने पड़े | इस दौरान रन गति भी गिर रही थी | 39वें ओवर में विराट कोहली के आउट होने के बाद हार्दिक पंड्या (46) और इसके बाद एमएस धोनी ने अच्छे शॉट लगाते हुए स्कोर को 260 रन के पार पहुंचाया | वेस्टइंडीज के सामने 269 रन का टारगेट है | आक्रामक खेल में माहिर इंडीज टीम के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए दारोमदार अब गेंदबाजों पर है |








