पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने दिया शर्मनाक बयान
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 में पाकिस्तान का खेल लगभग खत्म हो चुका है | उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की सभी उम्मीदें तकरीबन समाप्त हो चुकी हैं | शुक्रवार को पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला खेलेगी, जिसका नतीजा भी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह नहीं दिला पाएगा | हालांकि इस मैच से पहले ही पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने शर्मनाक बयान दे डाला है | मोहम्मद यूसुफ ने पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज पर कहा कि हम चाहते हैं कि बांग्लादेश की टीम पर बिजली गिर जाए | यूसुफ ने आगे कहा - इसमें कोई शक नहीं है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका है, सिर्फ अगर बांग्लादेश पर बिजली गिर जाए और वो 10 रन पर ऑल आउट हो जाए तो ही पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में पहुंच पाएगी |
मोहम्मद यूसुफ ने जियो न्यूज से बातचीत करते हुए कहा - पाकिस्तानी टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है | 316 रनों से जीत हासिल करना एक असंभव काम है, अगर पाकिस्तानी टीम किसी नकली टीम से भी मैच खेलेगी तो इतनी बड़ी जीत हासिल नहीं कर पाएगी | पाकिस्तान और बांग्लादेश का मुकाबला शुक्रवार को लॉर्ड्स में होगा, जहां उसका वर्ल्ड कप से बाहर होना तय है | अगर इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद टॉस हार गए और बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी चुन ली तो उनकी टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगी | पाकिस्तान के सामने सेमीफाइनल में पहुंचने का एक रास्ता और है लेकिन वो भी लगभग नामुमकिन हैं | पाकिस्तान की अगर पहले बल्लेबाजी आती है और वो 350 रन बनाती है तो उसे बांग्लादेश को 38 रनों पर ऑल आउट करना होगा | वहीं अगर पाकिस्तानी टीम 400 रन बनाती है तो उसे बांग्लादेश को 84 रन पर ऑल आउट करना होगा, जो कि नामुमकिन सा है |




























