भारत ने टी-20 की सीरीज के तीसरे मैच में वेस्टइंडीज को 241 रन का लक्ष्य दिया
भारत ने तीन टी-20 की सीरीज के तीसरे मैच में वेस्टइंडीज को 241 रन का लक्ष्य दिया। बुधवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 241 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लेंडल सिमंस और शिमरॉन हेटमायर क्रीज पर हैं। ब्रैंडन किंग 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें राहुल के हाथों कैच कराया। भारत के लिए लोकेश राहुल ने 91, रोहित शर्मा ने 71 और विराट कोहली ने 70 रन की पारी खेली। ऋषभ पंत खाता नहीं खोल सके।
वेस्टइंडीज के लिए शेल्डन कॉटरले, केसरिक विलियम्स और कीरोन पोलार्ड ने एक-एक विकेट लिए।राहुल ने करियर का 8वां, रोहित ने 19वां और कोहली ने 24वां अर्धशतक लगाया। रोहित ने राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी की। केसरिक विलियम्स की गेंद पर हेडेन वॉल्श ने उनका कैच लिया। रोहित-राहुल ने मिलकर 8 ओवर में ही 100 की साझेदारी कर ली थी। कोहली और राहुल ने तीसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी की।
रोहित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 छक्के लगाने वाले तीसरे क्रिकेटर भी बने। सबसे ज्यादा छक्के वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (534) ने लगाए हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (476) हैं। भारतीय टीम कोहली की कप्तानी में यह 13वीं टी-20 सीरीज खेल रही है। भारत ने पिछली 12 में से 7 जीती और 2 सीरीज हारी हैं। तीन सीरीज ड्रॉ रहीं। जुलाई 2017 में वेस्टइंडीज और फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को हराया था। वहीं, पिछली सीरीज में टीम इंडिया ने अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज को 3-0 से हराया था।


























