भारत और वेस्ट इंडीज के बीच टी-20 इंटरनैशनल सीरीज का दूसरा मैच आज
भारत और वेस्ट इंडीज के बीच टी-20 इंटरनैशनल सीरीज का दूसरा मैच रविवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनैशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस शाम 6:30 बजे होगा, जबकि 7 बजे से मैच शुरू होगा। भारत ने शुक्रवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 मैच में कप्तान विराट कोहली (नाबाद 94) की बेहतरीन तूफानी पारी के दम पर विंडीज द्वारा रखे गए 208 रनों के विशाल लक्ष्य को आसान साबित कर छह विकेट से जीत दर्ज सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। अब आज होने वाले सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया बोलिंग और फील्डिंग डिपार्टमेंट की अपनी खामियों को दूर करके बड़ी जीत के साथ सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।
भारत ने पिछले 13 महीने में वेस्ट इंडीज के खिलाफ छह टी20 मैच खेले हैं और हर बार जीत दर्ज की है। पिछले मैच में भारतीय बोलर्स अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। एविन लुइस, शिमरॉन हेटमायेर और कप्तान कायरन पोलार्ड ने भारतीय गेंदबाजों को नहीं बख्शा। साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ प्रभावी रहे दीपक चाहर ने 56 रन दे डाले और उन्हें एक ही विकेट मिला। टी20 टीम में लौटे भुवनेश्वर कुमार को भी विकेट नहीं मिली और उन्होंने चार ओवर में 36 रन दिए। अब देखना यह है कि गेंदबाजी आक्रमण यथावत रहता है या कुलदीप यादव को उतारा जाता है। भारतीय टीम को हैदराबाद में छोड़े गए कैचों से सीख लेकर यहां गलतियों से बचना होगा। वॉशिंगटन सुंदर, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने विंडीज के खिलाफ महत्वपूर्ण कैच छोड़े, जिसकी वजह से मेहमान टीम 200 से अधिक का स्कोर आसानी से कर सका।
दूसरी ओर कैरेबियाई टीम वापसी करके सीरीज को जीवंत बनाए रखना चाहेगी लेकिन इसके लिए उसे भारतीय बल्लेबाजों खासकर विराट कोहली के बल्ले पर अंकुश लगाना होगा। पहले मुकाबले में उसके बल्लेबाज तो चल पड़े लेकिन बोलर्स ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। वेस्ट इंडीज के खेल में निरंतरता नहीं रही है इस कारण ही उसने 2016 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद से 12 टी20 मैच जीते हैं जबकि 26 गंवाए हैं। ग्रीनफील्ड इंटरनैशनल स्टेडियम पर अभी तक केवल दो इंटरनैशनल मैच हुए हैं। एक वनडे और एक वर्षा बाधित टी20 मैच। दोनों ही मैचों में पिच पर धीमी टर्न देखने को मिला। इस सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रोफी में इस मैदान पर 14 मैच खेले गए और यहां स्पिनर्स ने अच्छा किया।


























