IPL 12 के लिए 971 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया- BCCI
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के लिए होने वाली नीलामी के लिए कुल 971 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है | भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस बात की जानकारी दी है | आईपीएल की नीलामी (IPL Auction) के लिए खुद का नाम शामिल कराने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2019 थी | अब इसी महीने की 19 तारीख को कोलकाता में नीलामी की जाएगी | आईपीएल 2020 (IPL 2020) के लिए होने वाली नीलामी में कुल 73 खाली जगहों को भरा जाना है | इसके लिए 215 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी हिस्सा लेंगे | अंतरराष्ट्रीय अनुभव नहीं रखने वाले 754 खिलाड़ियों ने भी पहली बार आईपीएल (IPL) में पंजीकरण कराया है | इनके अलावा दो खिलाड़ी एसोसिएट नेशन के हैं |
भारत से कुल 19 ऐसे खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है जो अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं | साथ ही 634 ऐसे भारतीय खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया जिन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर कदम नहीं रखा है | इसके अलावा 60 ऐसे भारतीय खिलाड़ी भी हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेला है, लेकिन कम से कम एक आईपीएल में जरूर खेल चुके हैं |
विदेशी खिलाड़ियों की बात की जाए तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके 196 विदेशी खिलाड़ियों ने आईपीएल के आगामी सीजन के लिए पंजीकरण कराया है | नीलामी के लिए पंजीकरण कराने वाले विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा ऑस्ट्रेलिया के हैं | ऑस्ट्रेलिया के 55 क्रिकेटर दांव पर होंगे | इनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के 54, श्रीलंका के 39, न्यूजीलैंड के 24, इंग्लैंड के 22, वेस्टइंडीज के 34 अफगानिस्तान के 19, बांग्लादेश के छह, जिम्बाब्वे के तीन, नीदरलैंड्स और अमेरिका के एक-एक खिलाड़ी हैं |






























