भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 टी-20 की सीरीज का पहला मैच आज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 टी-20 की सीरीज का पहला मैच आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 14 मैच हुए हैं। इनमें टीम इंडिया ने 8 मैच जीते, जबकि 5 में हार मिली। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली दो टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया। दोनों देशों के बीच पिछली सीरीज अमेरिका-वेस्टइंडीज में खेली गई थी। जिसे भारत ने 3-0 से जीता था। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पहली बार टी-20 खेला जा रहा है। हालांकि, यहां खेले गए 6 वनडे और 5 टेस्ट में टॉस का महत्व 50-50% रहा है। यह पिच स्पिनर के लिए मददगार रहेगी। यहां बल्लेबाजी करना भी आसान होगा। मैच के दौरान आसमान में बादल रहने का अनुमान है।
तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। विकेटकीपर ऋषभ पंत के पास महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। धोनी ने विंडीज के खिलाफ अब तक 7 मैचों में 5 शिकार किए हैं, जबकि पंत ने इतने ही टी-20 में तीन को शिकार बनाया है। इस लिस्ट में विंडीज के पूर्व विकेटकीपर दिनेश रामदीन 5 शिकार के साथ दूसरे और एंड्र्यू फ्लेचर तीसरे नंबर पर हैं। दिनेश कार्तिक भी तीन शिकार के साथ तीसरे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को हैदराबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कोहली ने कहा - वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज युवाओं को आजमाने का मौका है। देखते हैं कौन सा खिलाड़ी अपने को अंतरराष्ट्रीय स्तर का साबित करता है। अब हमारी टीम लगातार मजबूत हो रही है। मुझे लगता है कि अब हम एक ऐसी टीम के तौर पर खेल रहे हैं, जो लगभग वही होगी जो टी-20 वर्ल्ड कप में उतरेगी।


























