वर्ल्ड कप के 40वें मैच में आज भारत का मुकाबला बांग्लादेश से
वर्ल्ड कप के 40वें मैच में मंगलवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। टीम इंडिया 7 मैच में 11 अंक के साथ पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। इस मुकाबले को जीतने के बाद उसके 13 अंक हो जाएंगे। ऐसे में वह सेमीफाइनल में स्थान पक्का करने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया अंतिम-4 में पहुंच चुका है। दूसरी ओर बांग्लादेश के 7 मैच में 7 अंक है। वह अंक तालिका में छठे स्थान पर है। ऐसे में उसे सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह मुकाबला जीतना होगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की फिटनेस की समस्या से जूझ रही है। शिखर धवन के बाद अब विजय शंकर भी चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। भुवनेश्वर कुमार पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हो गए थे। हालांकि, वे अब खेलने के लिए तैयार हैं। धवन की जगह ऋषभ पंत और शंकर की जगह मयंक अग्रवाल टीम में शामिल किए गए। अग्रवाल मंगलवार को ही टीम के साथ जुड़ेंगे।
ऐसे में उनका इस मुकाबले में खेलना मुश्किल है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 वनडे खेले गए। इनमें टीम इंडिया 29 में जीती। बांग्लादेश को 5 मैच में सफलता मिली। एक मुकाबले में नतीजा नहीं निकला। बांग्लादेश की टीम 2015 के बाद से भारत के खिलाफ नहीं जीती। तब से वह लगातार चार मुकाबलों में हार चुकी है। इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों की बात करें तो अब तक सिर्फ एक ही बार यहां पर भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने हुई हैं। 2017 में भारत ने बर्मिंघम में ही बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया था। बर्मिंघम में बारिश की संभावना नहीं है। तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस मैदान पर पिछले मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती। तब इंग्लैंड ने भारत को 31 रन से हराया था। मंगलवार को दूसरी इनिंग में पिच धीमी हो सकती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी।




























