बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने चमकी बुखार का मामला उठाया
बिहार में चमकी बुखार से हो रही मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है | इस बीच बिहार के सारण लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने चमकी बुखार का मामला उठाया | उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के लिए लीची को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है | राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि यह भ्रम फैलाया जा रहा कि लीची खाने से बच्चों की मौत हो गई | इसकी वजह से लीची के निर्यात में गिरावट आ गई है और लीचियां तटों पर पड़ी हैं | उन्होंने कहा कि हमें यह पता लगाना होगा कि यह किसी की साजिश तो नहीं | हमें इसके बारे में विस्तृत जानकारी हासिल करनी होगी | रूडी ने कहा कि इस घटना में बिहार में 140 बच्चों की मौत हो गई है, यह चिंता का विषय है | सरकार पूरी ताकत लगा रही है, हम मृतकों के परिवार के साथा हैं |
बच्चों में कुपोषण की समस्या को लेकर सदन में रखे गए सवालों पर महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने जवाब दिया | कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के बिहार में बच्चों की मौत का मुद्दा उठाने पर महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, मां होने के नाते जानती हूं कि बच्चों की मौत कितनी दुखद है | कुपोषण की वजह से बच्चों की मौत सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि देश के कई हिस्सों में हो रही हैं | मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में लगातार बच्चों की मौत हो रही हैं | अकेले मुजफ्फरपुर में 122 बच्चों की मौत हो चुकी है | इसके अलावा भागलपुर, पूर्वी चंपारण, वैशाली, सीतामढ़ी और समस्तीपुर समेत अन्य जिलों से भी मौत के मामले सामने आए हैं | पूरे बिहार में आंकड़ा 140 तक पहुंच गया है |









