सोनिया गांधी से दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभालने की अपील
सूत्रों के हवाले से खबर कि पार्टी के कुछ नेता चाहते हैं कि एक बार कांग्रेस की कमान सोनिया गांधी के हाथों में सौंप देनी चाहिए | ऐसा बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद पार्टी के हालातों को देखते हुए कांग्रेस के कुछ नेताओं ने सोनिया गांधी से दोबारा कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान संभालने की अपील की है, हालांकि सोनिया गांधी ने इस मामले पर बोलने से मना कर दिया है | लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस पार्टी को मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है | लंबे नाटक के बाद कांग्रेस पार्टी को आखिरकार राहुल गांधी का इस्तीफा मंजूर करना पड़ा था | राहुल गांधी ने इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी को नया अध्यक्ष चुनने के लिए 1 महीने का समय भी दिया था लेकिन कांग्रेस वर्किंग कमेटी ऐसा नहीं कर सकी और कांग्रेस नेताओं द्वारा बार बार राहुल गांधी से पद पर बने रहने की गुहार लगाई गई | राहुल गांधी ने अपने इस्तीफे के दौरान कहा था कि कांग्रेस का अध्यक्ष नेहरू-गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति बने | लेकिन पार्टी के भीतर के लोगों ने बार बार प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी का ही नाम लिया |
अब सोनिया गांधी को दोबारा कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की खबर ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि कांग्रेस में गांधी परिवार से बाहर अध्यक्ष बनाने को लेकर अभी तक कोई सहमति नहीं बन सकी है | हालांकि इन सबके बीच कुछ और नामों की भी चर्चा है | सूत्रों के मुताबिक मौजूदा समय में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक के नाम पर के नाम पर गंभीर चर्चा चल रही है | हालांकि अभी तक इस पर सहमति नहीं बन पाई है | मनमोहन सिंह का नाम पार्टी के कुछ सीनियर नेताओं की तरफ से उछाला गया है और यह दलील दी जा रही है कि मनमोहन सिंह को अध्यक्ष बनाकर उनके नीचे 4 वर्किंग प्रेसिडेंट बना दिए जाएं जो कि चार अलग-अलग रीजन का प्रतिनिधित्व करते हों और अलग-अलग जातियों के हों | मनमोहन सिंह के साथ के साथ प्लस पॉइंट यह है कि उनकी छवि साफ-सुथरी और ईमानदार व्यक्ति की है | हालांकि मनमोहन सिंह का नाम आगे बढ़ाने में जो चीज फेवर नहीं कर रही है, वह है उनकी उम्र, मनमोहन सिंह की उम्र तकरीबन 86 साल है | कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर उन्हें तमाम राज्यों के दौरे करने पड़ेंगे | पब्लिक मीटिंग्स को एड्रेस करना पड़ेगा | उनकी सेहत को देखते हुए परेशानी हो सकती है | मनमोहन सिंह के अलावा कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक के नाम पर भी विचार हो रहा है | उनके बारे में दलील दी जा रही है कि मुकुल वासनिक का संगठन में काम करने का 40 साल का अनुभव है | उन्होंने कांग्रेस पार्टी के तमाम पदों पर सफलतापूर्वक काम किया है | इसके अलावा मुकुल वासनिक साफ-सुथरी छवि के दलित नेता है | पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और मुकुल वासनिक के अलावा सुशील कुमार शिंदे, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत तमाम नामों पर चर्चा हुई थी, लेकिन खड़गे और सुशील कुमार शिंदे के नाम पर फिलहाल सहमति बनती नहीं दिखाई दे रही है |


