छेड़खानी का विरोध करने पर दो महिलाओं की ट्रक से कुचल कर हत्या
देहात कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने एक परिवार के पांच सदस्यों को कार से कुचल दिया। इसमें दो महिलाओं की मौत हो गई। इस घटना से नाराज लोगों ने एनएच 91 पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, हत्या है। घटना की सूचना पाकर एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को शांत कराया। गांव निवासी पीड़ित परिवार का आरोप है कि सोमवार की शाम गांव के कुछ दबंग युवक जबरन बेटी को कार में बैठा रहे थे,
जिसका विरोध किया गया तो दबंगों ने परिवार के पांच सदस्यों को कुचल दिया। इसमें पीड़िता की मां और ताई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि इस संबंध में पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। तहरीर में सड़क हादसे का उल्लेख किया गया था। लेकिन, परिजनों ने अब छेड़खानी के बाद परिवार के सदस्यों कुचलने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। इस घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें बेकाबू वाहन राह चलते लोगों को कुचलता नजर आ रहा है। विवेचना में इसे शामिल किया गया है।









