Headline


2019 वर्ल्ड कप के लिए विराट ने रायडू की तारीफ

Medhajnews 30 Oct 18 , 06:01:38 Sports

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अगले साल इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप की टीम में अंबति रायडू के चुने जाने का समर्थन किया है। रायडू ने सोमवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए चौथे वनडे मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों में 100 रनों की शानदार पारी खेली। भारतीय टीम के कप्तान ने मैच के बाद कहा कि, 'रायडू ने मिले मौकों को दोनों हाथों से भुनाया है। हमें 2019 तक टीम में उनका साथ देना चाहिए. वह खेल को अच्छे से पढ़ते हैं, इसलिए हम खुश हैं कि नंबर-4 पर हमारे पास एक काबिल शख्स है।'





भारत ने विंडीज को चौथे मैच में 224 रनों से मात दी। रोहित शर्मा ने इस मैच में 162 रनों की पारी खेली। रोहित और रायडू के बीच हुई 211 रनों की साझेदारी के दम पर ही भारत 50 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 377 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही. उसने विंडीज को 153 रनों पर ढेर कर मैच अपने नाम किया।



मैच में तीन विकेट लेने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद की अहम भूमिका रही. खलील ने पांच ओवरों में 13 रन देकर तीन विकेट लिए।



विराट कोहली ने खलील की तारीफ करते हुए कहा, 'खलील अच्छी जगहों पर गेंद डाल रहे थे, और गेंद को दोनों तरफ स्विंग करा रहे थे.' भारत की यह टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ अभी तक की सबसे बड़ी जीत है।



भारतीय टीम के प्रदर्शन पर कोहली ने कहा, 'हमने हर जगह अच्छा किया। हम खेल के हर विभाग में आगे थे। हमने लय हासिल कर ली है. हम वापसी करने के लिए जाने जाते हैं और यह इसका एक और उदाहरण है।'



अपनी शानदार पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुने गए रोहित ने कहा, 'मैंने पहले भी बड़ी साझेदारियों का जिक्र किया है और यह मैच बदलने वाली साझेदारी थी. हमने अभी तक चार मैच जो खेले हैं, उनमें सभी में बड़ी साझेदारी की है जिससे हम मैच में बने रहें.'



उन्होंने कहा, 'एक बार जब आप सेट हो जाते हो तो आपको इसका फायदा उठाना चाहिए और मैंने और रायडू ने किया। हम जितनी देर तक खेल सकते थे खेले. यह बाद में मैच विजयी साझेदारी साबित हुई।'



भारत ने इसी के साथ पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 की बढ़त ले ली है. सीरीज का दूसरा मैच टाई रहा था। अब तिरुवनंतपुरम में खेले जाने वाले पांचवें और आखिरी वनडे में सीरीज का फैसला होगा।


    Comments

    Leave a comment


    Similar Post You May Like

    Trends

    Special Story

    • चंद भावपूर्ण पंक्तियाँ.......!