INDIA vs WEST INDIES, 4th ODI:भारत ने वेस्टइंडीज को 224 रनों से हराया
भारत ने वेस्टइंडीज को मुंबई में खेले गए चौथे वनडे में 224 रनों से हरा दिया | इसी के साथ भारत पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से आगे हो गया | सीरीज का दूसरा मैच टाई रहा था | भारत के द्वारा दिए गए 378 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम 36.2 ओवरों में 153 रनों पर ऑलआउट हो गई | जेसन होल्डर ने वेस्टइंडीज की ओर से सबसे ज्यादा नाबाद 54 रन बनाए | उनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका | भारत की ओर से खलील अहमद ने 13 रन देकर 3 और कुलदीप यादव ने 42 रन देकर 3 विकेट झटके |
पिछले तीन मैचों में वेस्टइंडीज के लिए रन बनाने वाले शिमरॉन हेटमायर का बल्ला नहीं चला। वह 13 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें 10वें ओवर में खलील अहमद ने पवेलियन की राह दिखाई। वह खलील की गेंद को पिच पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। सीरीज के पहले मैच में हेटमायर ने 106, दूसरे में 94 और तीसरे मैच में 37 रन की पारी खेली थी।
रोहित शर्मा और अंबाती रायुडू के शतकों की बदौलत भारत ने 50 ओवरों में 377/5 का स्कोर बनाया | भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 162 और अंबाती रायुडू ने 100 रन बनाए | वहीं धवन 38 और धोनी 23 रन बनाकर आउट हुए | केदार जाधव 16 रन बनाकर नाबाद रहे | वेस्टइंडीज की ओर से कीमो पॉल ने सबसे ज्यादा 10 ओवरों में 88 रन दे डाले | वहीं केमार रोच ने 10 ओवरों में 74 रन देकर 2 विकेट लिए | भारत ने टीम में दो बदलाव किए। ऋषभ पंत और युजवेंद्र चहल के जगह केदार जाधव और रवींद्र जडेजा को अंतिम एकादश में मौका दिया गया है। वहीं, वेस्टइंडीज ने सिर्फ एक बदलाव किया है। वेस्टइंडीज ने ओबेड मेकॉय के स्थान पर कीमो पॉल को टीम में शामिल किया है।

