BCCI ने रिंकू सिंह को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया
उत्तर प्रदेश के फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रिंकू सिंह को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है | बीसीसीआई की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि इंडिया-ए क्रिकेटर रिंकू ने बीसीसीआई से अनुमति लिए बिना ही अबु धाबी में अनाधिकृत टी-20 टूर्नामेंट में भाग लिया था | जोकि बीसीसीआई के नियमों का उल्लंघन है | बीसीसीआई की नियमों के अनुसार, बोर्ड से मान्यता प्राप्त कोई भी भारतीय क्रिकेटर बिना उसकी इजाजत के किसी भी विदेशी टूर्नामेंटों में नहीं खेल सकता है | रिंकू पर लगाया गया निलंबन एक जून से प्रभावी होगा | इस निलंबन के बाद अब रिंकू को 31 मई से श्रीलंका-ए के साथ होने वाले टेस्ट मैच से इंडिया-ए टीम से बाहर कर दिया गया है |
रिंकू सिंह पिछले दिनों आईपीएल 2019 में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते नजर आए थे | वे मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं और उन्हें तूफानी बैटिंग के लिए जाना जाता है | रिंकू ने आईपीएल 2019 में 5 मैच खेले थे और 3 पारियों में 37 रन बनाए थे | रिंकू सिंह को कोलकाता नाइटराइडर्स ने पिछले साल 20 लाख रुपये की बेस प्राइस में खरीदा था | हालांकि वे अभी तक आईपीएल में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं | पिछले सीजन में उन्हें महज 4 मैचों में मौका मिला था और वे 29 रन बना सके थे | वे घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हैं | उन्होंने अभी तक 19 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और 71.52 की औसत से 1645 रन बनाए हैं | इस फॉर्मेट में वे 5 शतक और 8 अर्धशतक लगा चुके हैं | स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना उनकी काफी तारीफ करते हैं और उन्हें भविष्य का स्टार बताते हैं |


