भारत के पूर्व गेंदबाज चेतन शर्मा की सोच अलग, बुमराह के लिए कहा ये
मेजबान भारत अगले महीने की दो तारीख से दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलेगा | यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (World Test Championship) का हिस्सा भी है | इस कारण दोनों टीमें इसे पूरी संजीदगी से ले रही हैं | दोनों टीमें पूरी ताकत से मैदान पर उतर रही हैं | लेकिन भारत के पूर्व गेंदबाज चेतन शर्मा की सोच अलग है | चेतन शर्मा का मानना है कि भारतीय टीम (Team India) को घरेलू टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को तब तक नहीं खिलाना चाहिए, जब तक कि इसकी बहुत जरूरत ना हो | 53 साल के चेतन शर्मा (Chetan Sharma) वनडे मैचों में हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय हैं | शर्मा ने कहा - मुझे लगता है कि बुमराह को भारत में होने वाले टेस्ट मैचों में आराम दिया जाना चाहिए | हमें उसकी जैसी प्रतिभा को बर्बाद नहीं करना चाहिए | सभी जानते हैं कि वे दुनिया के बेस्ट पेसर हैं | हमें उन्हें भारत की कठिन परिस्थितियों में उतारने की जरूरत नहीं है | जसप्रीत बुमराह ने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं | उन्होंने इन मैचों में कुल 62 विकेट लिए हैं | खास बात यह कि बुमराह ने अपने सभी टेस्ट विदेश में खेले हैं, जहां तेज गेंदबाजों के लिए अतिरिक्त मदद होती है | चेतन शर्मा का इशारा इसी बात की ओर था | उनका मानना है कि भारत में स्पिनर मैच जिता सकते हैं | ऐसे में अपने तेज गेंदबाज को क्यों थकाया जाए | बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड में तीन-तीन, ऑस्ट्रेलिया में चार और वेस्टइंडीज में दो मैच खेले हैं | 23 टेस्ट खेलने वाले चेतन शर्मा ने कहा - अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जारी है और आगे भारत के अहम मैच होंगे | भारत को इन मैचों के लिए बुमराह को बचाकर रखना चाहिए | हमें यह साबित करने की कोई जरूरत नहीं है कि बुमराह भारतीय पिचों पर भी विकेट ले सकते हैं | 25 साल के जसप्रीत बुमराह ने 12 टेस्ट, 58 वनडे और 42 टी20 मैच खेले हैं | भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज अक्टूबर में शुरू होनी है | दोनों टीमें सीरीज का पहला मैच दो अक्टूबर को खेलेगी |



