NZ vs IND : क्या आज भारत रचेगा इतिहास या करना होगा अभी और इंतिजार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला हेमिल्टन के सेडॉन पार्क में खेला जाएगा | यह मुकाबला आज बुधवार 29 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा | भारत अगर तीसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच भी जीत लेता है, तो वह न्यूजीलैंड की धरती पर इतिहास रच देगा | इस मैच में जीत के साथ भारत पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर कीवियों के खिलाफ द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज फतह कर लेगा | भारत अब तक न्यूजीलैंड की धरती पर द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज नहीं जीत पाया है | भारत और न्यूजीलैंड के बीच मौजूदा टी-20 सीरीज से पहले सिर्फ दो द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई हैं | इन दोनों ही टी-20 सीरीज में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा |
एक द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज साल 2008-2009 में खेली गई थी | दो मैचों की इस टी-20 सीरीज में भारत को 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी | इसके बाद भारत को 2018-2019 में खेली गई टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में न्यूजीलैंड ने 2-1 से हराया था | बता दें कि मौजूदा टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से शिकस्त दी थी | इसके बाद दूसरे टी-20 मैच को भी 7 विकेट से जीतकर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली |
भारत की यह टीम अभी बेहतरीन फॉर्म में है और 2019 वनडे वर्ल्ड कप के बाद उसने जो पांच टी-20 सीरीज खेली हैं उनमें उसने शानदार प्रदर्शन किया है | इनमें मौजूदा सीरीज भी शामिल है | इस बीच उसने केवल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज नहीं जीती | यह सीरीज 1-1 से बराबर छूटी थी जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था | टी20 क्रिकेट में अच्छी फॉर्म में होने के बावजूद आईसीसी रैकिंग में भारत की स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया | भारत अभी टी-20 रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है और उसे चौथे स्थान पर पहुंचने के लिए वर्तमान सीरीज 5-0 से जीतनी होगी | न्यूजीलैंड अभी छठे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका रैंकिंग तालिका में भारत से आगे हैं. सभी की निगाहें ऑस्ट्रेलिया में इस साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप पर है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को विश्वास है कि इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले सही समय पर सारी चीजें ढर्रे पर आ रही है | केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के विशेषकर इस दौरे में प्रदर्शन से इन चीजों को बल मिला है | इसे देखते हुए तीसरे मैच के लिए भारतीय टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है | मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास का दिन था और कप्तान विराट कोहली, केएल राहुल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने इसमें भाग नहीं लिया |

