टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से शिकस्त दी
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर खेले गए दूसरे टी-20 मैच में 7 विकेट से शिकस्त देकर जीत के साथ रिपब्लिक डे का तोहफा दे दिया | इसी के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली | सीरीज का तीसरा टी-20 मैच बुधवार 29 जनवरी को हेमिल्टन में खेला जाएगा | ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर खेले गए दूसरे टी-20 मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 132 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 133 रनों का टारगेट दिया |
भारतीय टीम ने कसी हुई गेंदबाजी की और न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया | जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 17.3 ओवर में 3 विकेट गंवा कर लक्ष्य हासिल कर लिया | टीम इंडिया को रोहित शर्मा और केएल राहुल की जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन रोहित ने निराश किया |
रोहित शर्मा इस मैच में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए | टिम साउदी ने रोहित शर्मा को पहले ही ओवर में रॉस टेलर के हाथों कैच आउट करा कर भारत को पहला झटका दे दिया | छठे ओवर में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को टिम साउदी ने अपना शिकार बनाया | साउदी की गेंद पर कोहली विकेट के पीछे टिम सेफर्ट को कैच दे बैठे | विराट कोहली 11 रन बनाकर आउट हुए | भारत की जीत के हीरो रहे श्रेयस अय्यर (44) और के एल राहुल (57) जिन्होंने 86 रनों की साझेदारी की और जीत की नींव रखी | शिवम दुबे ने 17.3 गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई |

