जानते है Ind vs Nzl ODI Series में आखिर क्यों मयंक की बजाये पृथ्वी शॉ को मिली जगह
पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले हो चुका था और मंगलवार को तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए भी टीम की घोषणा हो गई है। टीम में पृथ्वी शॉ को जगह मिली है, जबकि चोटिल शिखर धवन वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए हैं। वहीं मयंक अग्रवाल को वनडे इंटरनेशनल सीरीज में जगह नहीं मिली। ऐसा माना जा रहा था कि धवन की जगह मयंक को वनडे इंटरनेशनल टीम में शामिल किया जाएगा पर ऐसा नहीं हुआ। न्यूजीलैंड में वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए धवन की जगह तीन नाम ऐसे रहे, जिस पर चर्चा हुई। इसमें पृथ्वी शॉ, मयंक अग्रवाल और शुभमन गिल शामिल थे। ये तीनों ही बल्लेबाज इंडिया-ए टीम के साथ न्यूजीलैंड में ही मौजूद हैं।
चलिए एक नजर डालते हैं कि लिस्ट-ए क्रिकेट में इन तीनों का प्रदर्शन क्या रहा है: लिस्ट-ए क्रिकेट में पृथ्वी ने 27, मयंक ने 81 और शुभमन ने 54 मैच खेले हैं। इनके औसत में ज्यादा फर्क नहीं है, पृथ्वी ने 44.25 की औसत से 1195 रन, मयंक ने 50.11 की औसत से 3909 रन और शुभमन ने 47.53 की औसत से 2234 रन बनाए हैं, लेकिन स्ट्राइक रेट के मामले में पृथ्वी इन दोनों से काफी आगे रहे हैं। पृथ्वी ने 117.85 के स्ट्राइक रेट, मयंक ने 101.29 के स्ट्राइक रेट से और शुभमन ने 88.79 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। अब देखना होगा कि शॉ इस मिले मौके का किस तरह से फायदा उठा पाते हैं।

