इस वजह से शिखर धवन न्यूजीलैंड के अलावा एक और अहम् सीरीज से बाहर
भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के ओपनर शिखर धवन (Shikhar Dhawan) चोटों से पीछा नहीं छुड़ा पा रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लगी चोट से उबरे ही थे कि ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ वनडे सीरीज में फिर से चोटिल हो गए। कंधे में लगी इस चोट के चलते शिखर धवन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए निर्णायक वनडे में बल्लेबाजी नहीं कर सके बल्कि अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।
शिखर धवन (Shikhar Dhawan) के प्रशंसकों के लिए अब एक और बुरी खबर आई है। धवन कंधे की चोट के चलते करीब ढाई महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर हो गए हैं। इसका ये भी मतलब हुआ कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज से बाहर होने के बाद धवन अब साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज में भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय जमीन पर ये सीरीज मार्च में होनी है।
इस तरह चोटिल हुए धवन- बेंगलुरु वनडे में ऑस्ट्रेलियाई पारी के पांचवें ओवर में धवन कवर क्षेत्र में क्षेत्ररक्षण कर रहे थे और उन्होंने एरोन फिंच के शॉट को रोकने के लिए छलांग लगाई जिससे उनका बायां कंधा चोटिल हो गया। उनके बाहर जाने के बाद युजवेंद्र चहल मैदान पर क्षेत्ररक्षण करने आये थे।

