ऑस्ट्रेलिया की मदद के लिए आगे आए ये महान बल्लेबाज
भारत को 2 वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ऑस्ट्रेलिया के आग पीड़ितों की मदद के लिए सामने आए हैं | युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने 8 फरवरी को होने वाले मैच में हिस्सा लेने का फैसला किया है | इस मैच को बुशफायर क्रिकेट बैश का नाम दिया गया है जिसका मकसद आग पीड़ितों के लिए धन जुटाना है | युवराज सिंह के साथ-साथ पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम भी इस मैच में हिस्सा लेंगे | ऑस्ट्रेलिया के महान टेस्ट सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर और मैथ्यू हेडन भी इस मैच में खेलेंगे | क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की वेबसाइट ने इसकी जानकारी दी है | बता दें आग पीड़ितों को दान के लिये इसी दिन राष्ट्रमंडल बैंक महिला त्रिकोणीय श्रृंखला का टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जायेगा जबकि बिग बैश लीग का फाइनल की राशि भी आग पीड़ितों को दी जायेगी |
जिन टीमों के बीच मुकाबला होना है, उनमें से एक की कप्तानी शेन वॉर्न (Shane Warne) करेंगे, जबकि दूसरे के कप्तान रिकी पॉन्टिंग होंगे | वहीं भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज के महान गेंदबाज कर्टनी वॉल्श दोनों टीमों के कोच होंगे | बता दें ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में लगी आग ने जानवरों और लोगों को खासा नुकसान पहुंचाया है | आग में करोड़ों जानवर मारे गए हैं और इससे ऑस्ट्रेलिया के हवा भी प्रदूषित हो गई है | यही वजह है कि ऑस्ट्रेलिया की मदद के लिए वहां के दिग्गजों के अलावा दुनियाभर की बड़ी शख्सियत मदद के लिए आगे आई हैं | बिग बैश में खेल रहे क्रिकेटर्स क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, डार्सी शॉर्ट ने ऑस्ट्रेलियाई रेड क्रॉस आपदा राहत में दान दिया है | पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) ने तो ऑस्ट्रेलिया के आग पीड़ितों की मदद के लिए अपनी पहली टेस्ट कैप ही नीलाम कर दी है | वॉर्न ने अपनी टेस्ट कैप 5 करोड़ रुपये में बेची है | वॉर्न के अलावा पूर्व तेज गेंदबाज जेफ थॉम्पसन ने भी अपनी टेस्ट कैप नीलामी के लिए रखी थी |

