गांव अलाबलपुर निवासी सोनू चौहान 2 घंटे के लिए बने ट्रैफिक सीओ
थाना टूंडला के गांव अलाबलपुर निवासी सोनू चौहान टूंडला चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को लेकर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा था | तभी एसएसपी सचिन्द्र पटेल यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर युवक के विचार जानने लगे | उन्होंने मजाक भरे अंदाज में युवक से कहा कि यदि तुम्हें सीओ ट्रैफिक बना दिया जाए तो तुम क्या करोगे | युवक ने अपने सुझाव देना शुरू किया तो एसएसपी ने तत्काल कम्यूनिटी पुलिसिंग के तहत उसे दो घंटे के लिए सीओ ट्रैफिक बनने की पेशकश कर दी | जिसे युवक ने सहज स्वीकार कर लिया | एसएसपी फिरोजाबाद ने प्रभारी थानाध्यक्ष टूंडला प्रभाकर सागर को उसके हर आदेश को मानने के आदेश दिए | फिर क्या था युवक को पुलिस जीप में आगे की सीट पर बिठाया गया |
चौराहे पर आते ही एक आदेश पत्र बनाया गया और उसमें लिखा तत्काल आदेश का पालन किया जाए | अब तक सीधे निकलने वाले बसों को बस स्टैंड से गुजारने के लिए दो पुलिसकर्मियों को लगाया गया | जो सालों से नहीं हुआ वह चंद मिनट में ही होने लगा | हर बस स्टैंड से होकर गुजरने लगी |
चौराहा भी बदला-बदला नजर आया | युवक का कहना था कि एक दिन व्यवस्था करने से कुछ नहीं होगा इसे बरकरार रखना जरूरी है | दो घंटे में व्यवस्था सुधारने को मिले समय का युवक ने पूरा फायदा उठाया | इस दौरान एक प्राइवेट बस व करीब आधा दर्जन ऑटो का चालान भी कराया | साथ ही ऑटो को लाइन से लगवाने के आदेश पुलिस को दिए |

