महाशिवरात्रि पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा हुई
महाशिवरात्रि के अवसर पर इस वर्ष के लिए केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा भी कर दी गई है | आगामी 29 अप्रैल को प्रात: काल 6 बजकर 10 मिनट पर केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलेंगे | शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ से बाबा केदार की डोली 26 अप्रैल को केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी और 28 अप्रैल को वहां पहुंचेगी | कपाट खुलने की तिथि की घोषणा से पहले ओंकारेश्वर मंदिर में खास तैयारियां की गईं और महाशिवरात्रि की सुबह से ही भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की गई | रावल गद्दी परिसर में हक-हकूकधारियों, आचार्यगणों, बीकेटीसी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पंचांग गणना के आधार पर केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित की गई |

बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति के चल उत्सव विग्रह डोली में विराजमान होकर धाम प्रस्थान का दिन भी तय किया गया | धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार हर वर्ष महाशिवरात्रि के पर्व पर ही भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना के साथ केदारधाम मंदिर के कपाट खुलने की तिथि तय की जाती है | तिथि की घोषणा होते ही उत्तराखंड का शासन और प्रशासन के स्तर पर केदारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं | बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के साथ ही केदारघाटी में यात्रा को लेकर लोग तैयारियों में जुट जाते हैं | आपको बता दें कि चारधाम यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालु उत्तराखंड स्थित केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाते हैं | यह यात्रा लाखों लोगों के रोजगार और आजीविका का बहुत बड़ा माध्यम है |

