भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे की सीरीज का पहला मैच आज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे की सीरीज का पहला मैच आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज शुरू होने से पहले ही भारतीय टीम को दो बड़े झटके लग चुके हैं। ओपनर शिखर धवन और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार चोटिल होने के कारण पहले ही सीरीज से बाहर हो चुके हैं। धवन की जगह मयंक अग्रवाल और भुवनेश्वर के स्थान पर शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल किया गया। इस मैच में ऑलराउंडर शिवम दुबे अपना डेब्यू कर सकते हैं। उन्होंने अब तक 6 टी-20 में 64 रन बनाए और 3 विकेट लिए हैं। 2006 के बाद से दोनों देशों के बीच 39 मैच हुए हैं।
इनमें टीम इंडिया ने 23 जीते, 10 में हार मिली। जबकि 6 मैच बेनतीजा रहे। चिंदरबम स्टेडियम की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में कप्तान विराट कोहली टीम में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव के अलावा बाएं हाथ के स्पिनर रविंद्र जडेजा को खिला सकते हैं। वहीं, मोहम्मद शमी और दीपक चाहर नई गेंद से शुरुआत कर सकते हैं। वहीं विंडीज टीम की तेज गेंदबाजी शेल्डन कॉटरेल और पूर्व कप्तान जेसन होल्डर संभालेंगे, जबकि स्पिन विभाग हैडन वॉल्श, खेरी पिएरे और रोस्टन चेज संभालेंगे।

चेन्नई में आसमान में बादल रहने का अनुमान है। तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। यह पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रहेगी। यहां बल्लेबाजी करना भी आसान होगा। दोनों टीमें पहले बल्लेबाजी करना चाहेंगी। भारत ने वेस्टइंडीज को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 4 में से 3 मुकाबलों में हराया है। इस मैदान पर 50 ओवर के कुल 21 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 13 बार जीती है। जबकि रन चेज करने वाली टीम को 7 बार सफलता मिली।


























