BCCI ने ICC को पाकिस्तानी टीम को बाहर का दरवाजा दिखाए जाने कि मांग की
वर्ल्ड कप में एक तरफ जहां भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर संकट के बादल लगातार गहराते जा रहे हैं, वहीं मामले में अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी सख्त रुख अपना लिया है। बोर्ड ने इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को पत्र लिखकर इस साल इंग्लैंड और वेल्स में होने जा रहे वर्ल्ड कप से पाकिस्तानी टीम को बाहर का दरवाजा दिखाए जाने की मांग रखी है। यह पड़ोसी देश लगातार अपनी जमीन पर आतंकियों को फलने- फूलने का मौका दे रहा है और भारत के खिलाफ आतंकवाद को शह दे रहा है।
देश के अंदर पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने का मूड है और भारत आतंकवाद के मसले पर कोई समझौता नहीं करेगा। वर्ल्ड कप में भारत को 16 जून को मैनचेस्टर में पाकिस्तान से मैच खेलना है।इस बीच बोर्ड के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि अगर सरकार वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच नहीं चाहेगी तो यह मैच नहीं खेला जाएगा। हालांकि अधिकारी ने आगाह किया कि अगर भारत यह मैच नहीं खेलता तो पाकिस्तान को पूरे अंक मिल जाएंगे और भारतीय टीम को नुकसान होगा।



