हार्दिक पंड्या की फिटनेस स्थिति के बाद ही भारतीय टीम का चयन- BCCI
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) की फिटनेस पर स्थिति स्पष्ट होने के बाद राष्ट्रीय चयन समिति न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीम का चयन करेगी | पहले यह बैठक रविवार को होनी थी, लेकिन अब टीम का चयन कुछ दिन बाद किया जाएगा | सूत्रों के मुताबिक अगर पंड्या तीन दिनों के अंदर फिट होते हैं तब भी उन्हें वनडे और टेस्ट टीम में शामिल किया जाएगा | बीसीसीआई (BCCI) के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई से कहा कि टीम के चयन के संबंध में ज्यादा माथापच्ची नहीं होगी | लेकिन हार्दिक का फिट होना जरूरी है | जैसे ही एनसीए (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) हार्दिक को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने के लिए हरी झंडी दे देता है, वह टीम में शामिल हो जाएंगे | इसलिए चयनकर्ता कुछ और दिन इंतजार करेंगे |

अगर हार्दिक फिटनेस में असफल रहते हैं तो चयनकर्ता सूर्यकुमार यादव की आक्रामक बल्लेबाजी करने की काबिलियत को देखते हुए उन्हें चुन सकते हैं | जहां तक चयनकर्ताओं का संबंध है तो सफेद गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले लोकेश राहुल (KL Rahul) टेस्ट टीम में वापसी के प्रबल दावेदार हैं | राहुल टी20 और वनडे में नियमित रूप से खेलते रहे हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद वह टेस्ट टीम से बाहर हो गए थे | कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने हालांकि कहा है कि राहुल जैसे खिलाड़ी को किसी भी टीम से बाहर रखना मुश्किल है | कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) के रूप में तीसरा स्पिनर रखने के बजाय तेजी से उबर रहे तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को अतिरिक्त तेज गेंदबाज के रूप में टेस्ट टीम में रखा जा सकता है क्योंकि न्यूजीलैंड में रविचंद्रन अश्विन या रविंद्र जडेजा में से किसी एक को ही अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना है | इसी तरह से भारतीय टीम प्रबंधन पंड्या का गेंदबाजी करने के लिये फिट होने का इंतजार कर रहा है और अगर वह फिट होते हैं तो फिर वनडे में उनका चयन तय है |

