भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा और निर्णायक मैच आज
मेजबान भारत और वेस्टइंडीज की वनडे सीरीज अब अपने अंतिम पड़ाव पर है | दोनों टीमें रविवार (22 दिसंबर) को वनडे मुकाबले में आमने-सामने होंगी | भारत और विंडीज (India vs West Indies) के बीच जारी तीन मैचों की सीरीज का यह तीसरा और निर्णायक मैच है | दोनों टीमे अभी एक-एक मैच जीतकर सीरीज 1-1 से बराबरी पर हैं | जो टीम तीसरा मैच जीतेगी, वह ट्रॉफी पर कब्जा करेगी |
भारत और वेस्टइंडीज की टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच 15 दिसंबर को खेला गया था | विंडीज (West Indies) ने यह मैच 8 विकेट से जीता था | भारत ने इस हार का बदला विशाखापत्तनम वनडे में लिया था | उसने विजाग में खेले गए वनडे में विंडीज को 107 रन से हराया था |
पहले वनडे में वेस्टइंडीज के दो बल्लेबाजों ने शतक जमाए थे | दूसरे वनडे में भारत के दो बल्लेबाजों ने शतक लगाए | दोनों ही मैचों में एक-एक शतकवीर का स्कोर 102 रन था | बहरहाल, अब दोनों टीमों के बीच निर्णायक मैच सामने है |
यह मैच कटक (Cuttack ODI) में दोपहर 1.30 बजे से खेला जाएगा | भारत इस साल एक भी वनडे सीरीज नहीं हारी है | उसकी कोशिश होगी कि वह अपना अजेय क्रम बरकरार रखे | वहीं, वेस्टइंडीज की कोशिश भारत से बदला लेने की होगी |


























