पोलार्ड-पूरन का तूफान, भारत को जीत के लिए मिला 316 का टारगेट
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जा रहा है | टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 50 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 315 रन बनाए | विंडीज ने मैच और सीरीज जीत के लिए भारत को 316 रनों का टारगेट दिया | कैरेबियाई टीम के लिए निकोलस पूरन ने 64 गेंदों में सबसे ज्यादा 89 रन बनाए | पूरन सिर्फ 11 रनों से अपने दूसरे वनडे शतक से चूक गए | कप्तान कीरोन पोलार्ड ने 51 गेंदों में नाबाद 74 रनों की पारी खेली | इसके अलावा शाई होप ने 42, रोस्टन चेज ने 38 और शिमरोन हेटमेयर ने 37 रनों का योगदान दिया | टीम इंडिया के लिए नवदीप सैनी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके | शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट मिला | शाई होप और इविन लुइस की जोड़ी ने वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत दी |
इन दोनों ही ओपनिंग बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़ दिए | 15वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया | जडेजा ने इविन लुइस को नवदीप सैनी के हाथों कैच आउट करा दिया | लुइस 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे | 20वें ओवर में मोहम्मद शमी ने वेस्टइंडीज के इन्फॉर्म बल्लेबाज शाई होप को क्लीन बोल्ड कर कैरेबियाई टीम को दूसरा झटका दे दिया | शाई होप 42 रन बनाकर आउट हुए | शिमरोन हेटमेयर 33 गेंद पर 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे | नवदीप सैनी ने उन्हें कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया |
नवदीप ने इसके बाद रोस्टन चेज को बोल्ड किया | चेज ने 48 गेंद पर 38 रन बनाए | पूरन ने पांचवें विकेट के लिए पोलार्ड के साथ 135 रनों की साझेदारी की | शार्दुल की गेंद पर जडेजा ने उनका कैच लिया | इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है और वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है | भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव हुआ है | दीपक चाहर चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हुए हैं और उनकी जगह नवदीप सैनी को वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिला है | इसके अलावा वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन में कोई भी बदलाव नहीं हुआ है |


























