क्रिकेट में सबसे बड़ा स्टेडियम होने का गौरव अब भारत के हिस्से में होगा
क्रिकेट में सबसे बड़ा स्टेडियम होने का गौरव अब तक ऑस्ट्रेलिया (Australia) के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (Melbourbe Cricket Ground) को हासिल है | एमसीजी (MCG) की दर्शक क्षमता लगभग 100,024 है और वह दुनिया के 10 सबसे बड़े स्टेडियम में भी शुमार है | सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि एमसीजी 1956 के ओलिंपिक (Olympic 1956) और 2006 के कॉमनवेल्थ गेम्स (2006 Commonwealth Games) की भी मेजबानी कर चुका है | हालांकि अगले साल एमसीजी (MCG) का यह ग्राउंड क्रिकेट का सबसे बड़ा ग्राउंड नहीं रह जाएगा | भारत के गुजरात में बन रहे सरदार पटेल स्टेडियम के अगले साल उद्घाटन के बाद यह गौरव भारत के हिस्से में होगा | अहमदाबाद में बन रहे इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से ज्यादा होगा | बीसीसीआई की कोशिश है कि इस स्टेडियम में पहला मैच टीम इंडिया और वर्ल्ड इलेवन के बीच टी20 मुकाबला हो जिसकी लगभग 90 प्रतिशत तैयारी की जा चुकी है |
सरदार पटेल स्टेडियम की आर्किटेक्ट कंपनी भी वही है जिसने एमसीजी का डिजाइन तैयार किया था | ऑस्ट्रेलिया की कंपनी पॉप्यूलस ही मोटेरा स्टेडियम के लिए काम कर रही है | 63 एकड़ में फैले इस ग्राउंड की दर्शक क्षमता 1,10,000 होगी जो एमसीजी के मुकाबले 10 हजार ज्यादा है | इस स्टेडियम में 76 कॉपरेट बॉक्स, चार ड्रेसिंग रूम के अलावा तीन प्रैक्टिस ग्राउंड भी होंगे | इसके अलावा इंडोर क्रिकेट एकेडमी और ओलिंपिक के मानक के अनुसार स्वीमिंग पूल, स्क्वैश एरिया और टेबल टेनिस एरिया भी होगा | स्टेडियम में एक 3D थिएटर की व्यवस्था भी की गई है | मोटेरा स्टेडियम में फ्लड लाइट की जगह एलईडी लाइट लगवाईं जाएगी | सोलर पैनल के अलावा 65 रैन वाटर हर्वेस्टिंग पिट्स भी बनाए गए हैं | वहीं दर्शकों की सहूलियत के लिए पास में ही मेट्रो स्टेशन भी बनाया जाएगा | इस ग्राउंड को बनाने में लगभग 700 करोड़ का खर्चा आएगा | फिलहाल स्टेडियम का काम तेजी से चल रहा है और माना जा रहा है कि यह अगले साल जनवरी तक तैयार हो जाएगा |




