SA के खिलाफ विराट ने अपने करियर का उच्चतम स्कोर हासिल किया
30 साल के विराट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पुणे टेस्ट में दोहरा शतक जमाने का कारनामा किया | गुरुवार को टेस्ट मैच के दूसरे दिन उन्होंने अपने करियर का 7वां दोहरा शतक पूरा किया | साथ ही विराट ने अपने करियर का उच्चतम स्कोर (नाबाद 254 रन, 336 गेंदें, 33 चौके, 2 छक्के) भी हासिल किया | इससे पहले उनका उच्चतम स्कोर 243 था | यह किसी भी भारतीय कप्तान का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है | विराट के दौहरे शतक की बदौलत भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी पहली पारी 601/5 के स्कोर पर घोषित कर दी | कप्तान के तौर पर सर्वाधिक दोहरा शतक लगाने के मामले में विराट कोहली ने अपने रिकॉर्ड को और पुख्ता किया | उनसे पीछे वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा का नाम है, जिन्होंने कप्तान के तौर पर 5 दोहरे शतक जमाए थे |
विराट कोहली ने कप्तान के तौर अपना पहला दोहरा जुलाई 2016 में बनाया था, जब उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटीगा टेस्ट में 200 रन बनाए | कोहली ने दिसंबर 2107 में श्रीलंका के खिलाफ छठा दोहरा शतक जड़कर ब्रायन लारा को पीछे छोड़ा था, जिनके नाम तब तक कप्तान के तौर पर सर्वाधिक 5 दोहरे शतक जड़ने का रिकॉर्ड था | टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक दोहरे शतक के मामले में डॉन ब्रैडमैन सबसे आगे हैं | उन्होंने अपने करियर में 12 दोहरे शतक जड़े थे | श्रीलंकाई धुरंधर कुमार संगकारा ने 11, जबकि ब्रायन लारा ने 9 दोहरे शतक लगाए | अब कोहली 7 शतकों के साथ वॉली हेमंड और महेला जयवर्धने के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं | इसी के साथ विराट कोहली ने 7000 टेस्ट रन भी पूरे कर लिये | सबसे कम पारियों में 7000 टेस्ट रन पूरे करने के मामले में भारत का यह 'रन मशीन' गैरी सोबर्स और कुमार संगकारा के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर है |




