मैच प्रैक्टिस के दौरान बिजली गिरने से इस बड़े खिलाड़ी की हुई मौत
पूर्व संतोष ट्रॉफी (Santosh Trophy) खिलाड़ी अभिजीत गांगुली (Abhijit Ganguli) की बिरसा मुंडा स्टेडियम (Birsa Munda Stadium) में दैनिक अभ्यास सत्र के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य फुटबॉलर घायल हो गए | पुलिस ने यह जानकारी दी | 53 साल के गांगुली धनबाद रेलवे डिवीजन के फुटबॉल कोच हैं, वह स्टेडियम में लड़कों और लड़कियों को कोचिंग दे रहे थे, जब सुबह साढ़े सात बजे के करीब बारिश शुरू हो गई और उन पर व दो अन्य खिलाड़ियों पर बिजली गिर गई | मौजूदा राष्ट्रीय खिलाड़ी रवि लाल हेम्ब्राम (Ravi Lal Hembram) और चंदन टुडू (Chandan Tudu) इससे उबर गए, जबकि गांगुली बेहोश हो गए | उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया | गांगुली के परिवार में एक बेटा, पत्नी और मां हैं | उन्होंने 1993 में संतोष ट्रॉफी राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप (Santosh Trophy National Football Championship) में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया था |

अभिजीत 1990 में सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर्स में से एक थे | इसके बाद रेलवे में उनकी नौकरी लग गई और कई सालों तक इंटर जोनल रेलवे चैंपियनशिप में ईस्टर्न रेलवे फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व किया | इसके बाद वह धनबाद रेलवे डिवीजन के कोच बन गए | गांगुली बिरसा फुटबॉल क्लब में युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारते थे | उनकी टीम इस सत्र में जिला सीनियर लीग चैंपियनशिप में तीसरे पायदान पर रही थी | धनबाद फुटबॉल एसोसिएशन (Dhanbad Football Association) के सचिव फैयाज अहमद ने दुख जताते हुए कहा कि इस शहर ने एक शानदार कोच खो दिया | वह एक संपूर्ण और समर्पित कोच थे | उन्हाेंने न सिर्फ रविलाल टूडु और संगिता कुमारी जैसे दो राष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार किया, बल्कि झारखंड इंटर डिस्ट्रिक चैंपियनशिप में धनबाद की टीम को फाइनल तक पहुंचाया, जहां टीम रनर अप रही | डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ( District Sports Association) के सचिव रणजीत केसरी ने कहा कि यह घटना खेल जगत की एक दुखद घटना है | खासतौर पर इस राज्य के फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह बड़ा नुकसान है |




