साैरव गांगुली ने BCCI के 39वें अध्यक्ष के तौर पर अपने एजेंडे का ऐलान किया
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान साैरव गांगुली ने बीसीसीआई के 39वें अध्यक्ष के तौर पर अपने एजेंडे का ऐलान कर दिया है | मुंबई में बीसीसीआई अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद सौरव गांगुली ने इसे बड़ा सम्मान बताया | बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पत्रकारों से बात कर रहे सौरव गांगुली ने कहा कि बोर्ड की प्रतिष्ठा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भ्रष्टाचार मुक्त कामकाज होगा | टीम इंडिया की अगुआई करते हुए मैंने यही काम किया था और मैं बीसीसीआई की अगुआई भी करूंगा | सौरव गांगुली ने साथ ही अगले तीन हफ्ते में बीसीसीआई की एजीएम बुलाने की बात कही है | महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर सौरव गांगुली ने कहा कि जब आप बैठेंगे और सोचेंगे कि उन्होंने क्या किया है, तो आपके मुंह से निकलेगा, शानदार | हम यहां खिलाड़ियों की जिंदगी आसान करने आए हैं, मुश्किल करने नहीं | खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर फैसला किया जाएगा | आपसी सम्मान, मत और चर्चा की गुंजाइश भी इसमें होगी |
विराट कोहली भारतीय क्रिकेट के कप्तान हैं और सबसे अहम इंसान हैं | मैं उनसे गुरुवार को मिलूंगा और अहम मुद्दों पर बात करूंगा | दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीत के बाद कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि देश में पांच सेंटर्स पर ही टेस्ट मैच आयोजित करने चाहिए | इस मुद्दे पर सौरव गांगुली ने कहा कि हम काफी टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं और हमारे पास कई मैदान हैं | हम विराट कोहली के साथ बैठेंगे और उनसे जानेंगे कि वो इस मामले में क्या चाहते हैं | पिछले कुछ सालों से घरेलू क्रिकेट मैच दोगुने हो गए हैं | हमें ये सुनिश्चित करना होगा कि देश का सर्वश्रेष्ठ टूर्नामेंट प्रतिस्पर्धी बना रहे | सबसे पहले हमें रणजी क्रिकेटरों की देखभाल करना सुनिश्चित करना होगा | मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट में छाए हुए हितों के टकराव के मुद्दे पर सौरव गांगुली ने कहा कि मैं नहीं जानता कि ये कब सुलझेगा | हमें इसके लिए क्रिकेट सलाहकार समिति गठित करनी होगी |




