युवराज सिंह टी-10 धमाके के लिए तैयार
भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह टी-10 धमाके के लिए तैयार हैं | इस धाकड़ ऑलराउंडर को मराठा अरेबियंस ने आइकन खिलाड़ी के रूप में शामिल किया है | 14 नवंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की स्वीकृति प्राप्त है | जून में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद 37 साल के युवराज सिंह की यह दूसरी फ्रेंचाइजी आधारित प्रतियोगिता हैं, जिसमें वह खेलेंगे | युवराज के रिटायर होने का एक यह भी कारण था कि वह दुनियाभर की लीग में खेलना चाहते थे | फिलहाल बीसीसीआई एक सक्रिय क्रिकेटर को विदेशी लीग में भाग लेने की अनुमति नहीं देता है | इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद युवराज ने जुलाई-अगस्त में ग्लोबल टी-20 कनाडा में टोरंटो नेशनल्स की कप्तानी की थी |
मराठा अरेबियंस ने हाल ही में जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान एंडी फ्लावर को अपना मुख्य कोच चुना है | फ्लावर इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच भी रह चुके हैं | युवराज ने टी-10 के बारे में कहा - इस नए प्रारूप का हिस्सा बनना रोमांचक अनुभव साबित होगा | मैं इस लीग में दुनिया के कुछ बड़े नामों के साथ शामिल होने और टीम मराठा अरेबियंस का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्सुक हूं | वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ड्वेन ब्रावो पिछले संस्करण की तरह इस बार भी टीम का नेतृत्व करेंगे | फ्रेंचाइजी ने सीजन के लिए श्रीलंका के टी-20 कप्तान लसिथ मलिंगा के अलावा हजरतुल्लाह जाजई और नजीबुल्लाह जादरान की अफगानी जोड़ी को भी रिटेन किया है |




