नई दिल्ली में बारिश, आंधी और बिजली गिरने से 35 लोगों की मौत
देशभर में मंगलवार को मौसम अचानक बदल गया। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल, हरियाणा और नई दिल्ली में बारिश, आंधी और बिजली गिरने से 35 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 40 जख्मी हो गए। ज्यादा असर गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश पर पड़ा है। इन राज्यों में 28 लोगों की मौत हो गई। बारिश से इन राज्यों में तापमान 40 डिग्री से कम हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने बताया कि पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ और पिछले 3-4 दिनों से चल रही हीटवेव के चलते देश के पश्चिम-उत्तर हिस्से, मध्य क्षेत्र और विदर्भ और प.बंगाल तक तेज आंधी, गरज और बिजली के साथ बारिश और ओले गिरे। यह स्थिति बुधवार शाम तक रहेगी।
गुरुवार से फिर गर्मी बढ़ेगी। इस साल मध्य भारत से विदर्भ तक बार-बार हीटवेव चलेगी। हर छठे दिन आंधी और गरज के साथ बारिश होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में बारिश और आंधी-तूफान में मारे गए लोगों के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए और जख्मी लोगों को 50 हजार रुपए की मदद देने का ऐलान किया। गुजरात में 11 लोगों की मौत हो गई। राज्य के 33 में से 18 जिलों में बारिश हुई। पाटण, राजकोट, अरावल्ली, बनासकांठा, महेसाणा, अहमदाबाद, गांधीनगर, सुरेन्द्रनगर, मोरबी जिलों के विभिन्न हिस्सों में अचानक मौसम बदल गया। सबसे अधिक तीन मौतें महेसाणा में हुई हैं, जबकि दो-दो बनासकांठा और मोरबी जिलों में हुई। राजकोट के खाखराबेला में पेड़ गिरने से एक महिला की और साबरकांठा के चिंधमाल में बिजली का खंभा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बनासकांठा जिले के आशिया व चाला गांव में और मोरबी जिले के तीथल और गीदज गांव में दो-दो लोगों की और अहमदाबाद के वीरमगाम में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। सुरेन्द्रनगर, महेसाणा और वीजापुर में भी 3 की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को आसमान में बदल रहेंगे। 50 से 60 किमी की स्पीड से हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को भी आंधी-बारिश की संभावना 60 से 70% है। 18 अप्रैल से तापमान में वृद्धि शुरू होगी और धीरे-धीरे 22 अप्रैल तक अधिकतम तापमान फिर 39 डिग्री तक पहुंच जाएगा।


