वोटिंग के दौरान रायगंज से हिंसा की खबरें
दूसरे चरण में आज 11 राज्यों की 95 सीटों पर वोटिंग हो रही है | दूसरे चरण में पश्चिम बंगाल की भी 3 सीटों पर वोटिंग हो रही है | बंगाल की जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और रायगंज सीट पर मतदान हो रहा है | वोटिंग के दौरान रायगंज से हिंसा की खबरें आ रही हैं | रायगंज के चोपरा के बूथ संख्या 159 पर हंगामा हुआ है | यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को वोट देने से रोका | इसके बाद भड़के लोगों ने हाईवे जाम कर दिया | पुलिस ने हाईवे खुलवाने के लिए भीड़ पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े |
रायगंज से बीजेपी प्रत्याशी देबाश्री चौधरी ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर रायगंज कॉरोनेशन हाई स्कूल पोलिंग स्टेशन में बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया, उन्होंने कहा -टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने बूथ लूटने की कोशिश की | वो लोग मुस्लिमों के बीच प्रचार कर रहे थे, ये कोई चुनाव प्रचार थोड़े ना है ? वहीं रायगंज से वर्तमान सीपीएम सांसद मोहम्मद सलीम के काफिले पर हमले की खबर है | सीपीएम प्रत्याशी मोहम्मद सलीम की कार पर ये हमला उत्तरी दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में हुआ है | सीपीएम नेता सलीम ने आरोप लगाया है कि उनकी कार पर हमला टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया है | रायगंज लोकसभा सीट से टीएमसी के कनैय्या लाल अग्रवाल मैदान में है | वहीं कांग्रेस ने इस सीट से दीपादास मुंशी और बीजेपी ने देबाश्री चौधरी को मैदान में उतारा है |


