हाल ही में बीजेपी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा चर्चाओं में
हाल ही में बीजेपी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा चर्चाओं में हैं | वे कांग्रेस के टिकट पर बिहार के पटना साहिब से मैदान में हैं और उनकी पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ से चुनाव मैदान में हैं | पूनम के नामांकन के वक्त शत्रु उनके साथ थे | उन्होंने ये भी कहा कि अखिलेश यादव पीएम बनने के काबिल हैं | यकीनन उनके बयानों से कांग्रेस असहज हो गई है | लखनऊ से कांग्रेस उम्मीदवार आचार्य प्रमोद कष्णम ने कहा है कि शत्रुघ्न को उनके लिए भी प्रचार करना चाहिए | लखनऊ से कांग्रेस उम्मीदवार हैं आचार्य प्रमोद कृष्णम | उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा ने यहां आकर (पूनम सिन्हा के नामांकन में) अपना पति धर्म निभाया है, लेकिन में शत्रु जी से ये कहना चाहूंगा कि पति धर्म उन्होंने आज निभा दिया लेकिन एक दिन मेरे लिए प्रचार करके वो पार्टी धर्म निभाएं |

लखनऊ लोकसभा क्षेत्र को बीजेपी का गढ़ माना जाता है | लगभग तीन दशक से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है | पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं | वाजपेयी के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद लालजी टंडन यहां से सांसद रहे | 2014 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राजनाथ सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था और वे जीत कर संसद पहुंचे थे | बीजेपी ने लखनऊ में राजनाथ सिंह को मैदान में उतारा है, लखनऊ में 6 मई को वोट डाले जाएंगे | लखनऊ के वोटर समीकरण पर नजर डालें तो यहां करीब 1.5 लाख कायस्थ मतदाता हैं, पूनम के नाम के साथ शत्रुघ्न सिन्हा का कायस्थ कुल और स्टारडम दोनों है | पूनम सिन्हा खुद सिंधी समाज से हैं जिसकी तादाद करीब एक लाख है |


