पिछले चार घंटे में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला
12 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की 95 सीटों पर वोटिंग जारी | पिछले चार घंटे की बात करें तो मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है | पश्चिम बंगाल में 33.45 प्रतिशत , असम में 26.39 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 26.2 प्रतिशत और बिहार में 18.97 प्रतिशत वोटिंग हुई है | पश्चिम बंगाल की रायगंज सीट पर 2014 में मोहम्मद सलीम ने जीत दर्ज की थी | इस सीट से दीपा दासमुंशी, देवश्री चौधरी और कन्हैया लाल अग्रवाल उम्मीदवार हैं | रायगंज लोकसभा क्षेत्र के अंदर इस्लामपुर में सीपीएम उम्मीदवार मो. सलीम की गाड़ी पर हमला | गाड़ी में तोड़फोड़. मो. सलीम सुरक्षित हैं | वहीं अमरोहा से बीजेपी विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा बुर्के की आड़ में फ़र्ज़ी वोटिंग हो रही है | अमरोहा के बीजेपी के वर्तमान सांसद कंवर सिंह तंवर ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं | वहीं अमरोहा सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार दानिश अली ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी के लोग ही फर्जी वोटिंग करा रहे हैं | दानिश अली ने कहा कि मेरी जानकारी में आया है कि सांसद जी ने, बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं को बुर्का पहना कर फर्जी वोट डलवा रही है | ये लोग ध्रुवीकरण करना चाह रहे हैं जो बुरी तरह फ़ेल हो गया है | बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने कहा कि देश भर में व ख़ासकर उत्तर प्रदेश के सर्वसमाज के मतदाताओं, युवाओं व महिलाओं से अपील है कि वे लोकसभा के लिए आज हो रहे दूसरे चरण के मतदान में भी वोट डालने के अपने संवैधानिक हक का भरपूर इस्तेमाल करें |


